अमरोहा। पांच दिवसीय त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते शुक्रवार को शहर में दिनभर जाम की स्थिति रही। शाम होते-होते समस्या और बढ़ गई। शहर के बिजनौर रोड सहित अन्य मार्गों पर जाम के हालात रहे। बाजारों में भी निकलना दूभर रहा। जाम में फंसे लोग परेशान दिखे। वहीं, शनिवार को धनतेरस है। इस पर बाजारों में और अधिक भीड़ आने का अनुमान है इसलिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत कार व ई-रिक्शा के अलावा दोपहिया वाहन के ही बाजार में प्रवेश पर रोक रहेगी।
शनिवार को धनतेरस है। इससे पहले ही लोगों ने सामानों की बुकिंग शुरू कर दी थी। त्योहार के चलते सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों के लोग भी अपने वाहनों से बाजार तक आ रहे हैं। बिजनौर रोड पर सड़क के दोनों तरफ दुकान लगी हुई हैं। शुक्रवार सुबह से ही सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण जाम की स्थिति बन गई।
आलम यह रहा कि थोड़ी-थोड़ी देर में टीपी नगर चौराहा, कल्याणपुर चौराहा से लेकर अटल चौक तक जाम लग रहा था। चौक चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते दिखे। टीपी नगर चौराहे से कल्याणपुर चौराहे तक स्थिति ज्यादा खराब रही। जाम में फंसे लोग जिम्मेदारों की व्यवस्था को कोसते नजर आए। लोगों का कहना है कि पुलिस ने त्योहारों के चलते पहले ही बाजारों में वाहनों की एंट्री बंद करने का दावा किया था। बावजूद इसके जाम लग रहा है।
बाजार से ई-रिक्शा व कार से यातायात व्यवस्था चौपट
शहर के भीतर बाजारों में ई-रिक्शा और बाइक व कारों के आने से यातायात व्यवस्था चौपट रही। कोर्ट चौराहा, बड़ा बाजार, कोतवाली के सामने, बाजार गुजरी में वाहन लेकर निकलना तो दूर पैदल चलना भी भारी हो गया। बाजार में खरीदारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रभारी अनुज मलिक ने तुरंत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया। उन्होंने शहर में आने वाले सभी तरह के भारी वाहनों के संचालन पर पाबंदी लगा दी है। साथ ही ई-रिक्शा, बाइक व अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने के निर्देश दिए हैं। व्यवस्था को सुधारने के लिए टीपी नगर चौराहा, कोर्ट चौराहा, कल्याणपुर चौराहा, अतरासी चौराहा, शाह विलायत दरगाह और लकड़ा चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। टीएसआई अनुज मलिक ने बताया कि जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इस संबंध में शहर के ट्रांसपोर्टर से भी बड़े वाहनों नहीं लाने की अपील की गई है। मनमानी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
भैयादूज तक इन मार्गाें से गुजरेंगे वाहन
- अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास होते हुए पाकबड़ा होकर मुरादाबाद जाएंगे
- नौगांवा से अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन यहियापुर बाईपास से होकर अमरोहा व मुरादाबाद जाएंगे।
- नौगांवा से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन रज्जाकपुर बाईपास से धनौरा बाइपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले भारी वाहन एआरटीओ से कल्याणपुरा रोड से बंबूगढ से कांकर सराय से कांठ रोड से माया धर्मकाटा से होकर अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- शहर अमरोहा से जोया/मुरादाबाद/दिल्ली (हाईवे) जाने वाले भारी वाहन कांकर सराय से बंबूगढ से जोया हाईवे की तरफ जाएंगे।
- शहर अमरोहा से नौगांवा जाने वाले भारी वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा से कांठ रोड से होते हुए नौगांवा जाएंगे।
- जोया से अमरोहा आने वाले भारी वाहन बंबूगढ होते हुए कांकर सराय होकर माया धर्मकांटा/कैलसा रोड से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
नोट: टीपी नगर से अतरासी तिराहा तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा आटो रिक्शा का अमरोहा नौगांवा मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बाजार में भीड़-भाड़ होने के दृष्टिगत छोटे चार पहिया वाहनों का आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा।