गजरौला। पालिका की घरों से कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ी तीन दिन से नहीं आने के कारण नागरिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहारी सीजन में घरों में रखे कूड़े के डिब्बे भर गए। उनमें बदबू उठने लगी।
नगर क्षेत्र में घरों से प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े को उठाने के लिए नगर पालिका की गाड़ी आती है। गली-गली में घूम कर एकत्र करने के बाद सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाता है। पालिका के वाहन सुबह को रोजाना घरों से कूड़ा एकत्र करते हैं। अतरपुरा मोहल्ले निवासी सीमा चौधरी, कोमल, सरदार हरपाल सिंह आदि नागरिकों का कहना है कि बीते शनिवार से सोमवार तक पालिका की कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ी नहीं आई। जबकि त्योहारी सीजन होने के कारण घरों में मिठाई के डिब्बों और उपहारों के पैकेट आदि के कारण कूड़े के डिब्बे भर गए। उनमें बदबू उठने लगी। जिससे उनको खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने मंगलवार सुबह पालिका के स्वच्छता प्रभारी को फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। सफाई नायक को फोन करने पर पता चला कि कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ी खराब हो गई थी। मंगलवार को कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ी आने पर राहत की सांस ली।