हसनपुर। औद्योगिक गलियारे के लिए प्रस्तावित भूमि के उचित मुआवजे की मांग को लेकर रालोद के क्षेत्रीय महासचिव मुजाहिद चौधरी ने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जिला प्रशासन को ज्ञापन भेजे हैं। उन्होंने वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित सर्किल रेट में और वृद्धि की मांग की है।
ज्ञापन में गंगवार, हाकमपुर, बुरावली, बांसका कलां और पतेई खादर की जमीनों का उचित मूल्यांकन कराने की मांग की गई। गंगवार व हाकमपुर की सामान्य भूमि का सर्किल रेट 38 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर रहरा, छपना और दढ़ियाल के समान करने का आग्रह किया गया है।
किसानों की आजीविका सुरक्षित रखने के लिए पूरी जमीन का अधिग्रहण न कर कुछ हिस्सा मुक्त रखने, प्रमुख मार्गों से 300 मीटर तक की भूमि को विक्रय से बाहर रखने तथा सहखातेदारों को उनके हिस्से का अलग भुगतान करने की मांग की गई है। कृषि के अलावा व्यावसायिक गतिविधियों वाली भूमि का आवासीय व वाणिज्यिक मुआवजा तय करने का भी आग्रह किया गया। ज्ञापन कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, अमरोहा व मुरादाबाद के सांसद और कई विधायकों को भेजे गए हैं। संवाद