एनएच-24 पर ब्रजघाट चौकी क्षेत्र के गांव ख्यालीपुर ढाल के निकट मंगलवार की देर शाम करीब सात बजे बेकाबू ट्रक की टक्कर से भात देकर हसनपुर क्षेत्र से लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई।
हादसे में महिला और एक मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद से चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार की देरशाम करीब साढ़े सात बजे नेशनल हाईवे पर ख्यालीपुर ढाल के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्राली पलट गई। ट्राली में करीब 20-25 लोग थे। टक्कर लगने के बाद ट्राली पलटने के दौरान ट्राली सवार लोग हवा में उछल कर इधर उधर जा गिरे।
ट्राली सवार मुन्नी (25) पत्नी लाल सिंह निवासी कांकाठेर और एक साल की मासूम माही पुत्री भोले उर्फ मनोज निवासी सिकंदराबाद (बुलंदशहर) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि रेखा पत्नी भोले, पूनम पत्नी संजीव निवासी गण गांव कांकाठेर घायल हो गए। हादसा देख आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
लोगों को आता देख चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लोगों ने ट्राली को सीधा कर 100 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से निजी नर्सिंग होम में भेज दिया। शव सीएचसी भेज दिये गए।
बताते हैं कि ट्रैक्टर-ट्राली सवार लोग हसनपुर के गांव पिलखन वाली मिलक में भात के प्रोग्राम में शरीक होने गए थे। वहां पर भात के प्रोग्राम की रस्म अदा कर देर शाम अपने गांव कांकाठेर लौट रहे थे।