मंडी धनौरा/बछरायूं। रकम को दो गुना करने का झांसा देने वाले गिरोह के लोगों ने थाना बछरायूं के गांव धनौरी खुर्द निवासी एक युवक से 55 हजार रुपये की धनराशि ठग ली। युवक को गिरोह के लोगों ने रद्दी के कागज की गड्डियां थमा दीं। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना बछरायूं के गांव धनौरी खुर्द निवासी एक युवक राजीव कुमार शुक्रवार की दोपहर ब्लाक कार्यालय के सामने स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में रुपये जमा कराने आया था। राजीव कुमार द्वारा थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक बैंक द्वारा धनराशि जमा नहीं की गई। रुपये लेकर बाहर आया तो वहां खड़े कुछ लोगों ने उसे अपने पास बुलाया। उन लोगों ने रकम दोगुना करने का झांसा देकर उससे 55 हजार रुपये की राशि ले ली। उन्होंने कुछ मंत्र पढ़ते हुए उसे 500- 500 रुपये के नोटों की दो गड्डी व 10 हजार रुपये थमा दिए।
राजीव का कहना है कि ठगों ने उससे घर जाकर नोट गिनने के लिए कहा। घर आकर नोटों की गड्डियां देखीं ऊपर नीचे असली नोट थे और बीच में रददी के कागज थे। राजीव ने अपने साथ ठगी की घटना की शिकायत थाना पुलिस से की। जानकारी मिलने पर पुलिस ने प्रथमा बैंक आकर घटना के बारे में शाखा प्रबंधक से की।
थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि राजीव अपने घर से एक लाख रुपये लेकर आया था। उसने अपने खाते में 45 हजार रुपये की धनराशि ही जमा की थी। 55 हजार रुपये की धनराशि का उसने क्या किया। इसकी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना संदिग्ध है और मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जाएगी।