अमरोहा। जानलेवा हमले से जुड़े मामले की विवेचना में लापरवाही और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं करने के मामले में एसपी लखन सिंह यादव ने गजरौला की चौपला चौकी प्रभारी नवीन भाटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है।
चौपला चौकी प्रभारी नवीन भाटी के पास जानलेवा हमले से संबंधित मामले की विवेचना थी। आरोप है कि विवेचना के दौरान लापरवाही बरती गई और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
एसपी ने इससे पहले अवैध हथियारों से जुड़े प्राथमिकी की विवेचना में अनियमितताओं के आरोप में बछरायूं थानाध्यक्ष और मलेशिया चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया था। एसपी लखन सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि विवेचना में लापरवाही और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मामलों की विवेचना में साक्ष्यों का समुचित संकलन करने तथा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।