अमरोहा। आजाद रोड पर वाहनों के जाने से रोकते ही पूरा शहर जाम के झाम से जूझने लगा। तीन घंटे तक शहर में भीषण जाम के हालात बने रहे। वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे। जाम में फंसे लोग जिम्मेदारों की व्यवस्था को कोसते नजर आए। वहीं, जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के भी पसीने छूट गए। इस दौरान हर कोई बेबस नजर आया।
बुधवार को अमरोहा शहर के पुराने रोडवेज बस अड्डे के पास मिताली हॉस्पिटल के सामने वाली रोड का पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्माण शुरू कराया गया, जिसके चलते आजाद रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिसकर्मी गांधी मूर्ति चौराहे पर पहुंचे और टीपी नगर चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को गांधी मूर्ति चौराहे से यू-टर्न लेकर वापस भेजना शुरू कर दिया। इसके बाद वाहनों के पहिए थमते चले गए। कुछ ही देर में नानक चंद रोड, टीपी नगर चौराहा, बिजनौर रोड, आजाद रोड, जोया रोड ओवरब्रिज और दानिशमंदान रोड पर जाम लग गया।
दोनों ओर से आने वाले वाहन बेतरतीब ढंग से फंस गए। वाहनों का निकलना तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। तेज धूप में लोग परेशान दिखे। करीब तीन घंटे तक शहर में भीषण जाम के हालात बने रहे। जाम फंसे लोग परेशान और बेबस दिखाई दिए। हर कोई जिम्मेदारों की व्यवस्था को कोसता नजर आया। उधर, जाम लगते ही नगर कोतवाली और यातायात पुलिस जाम खुलवाने में जुट गई। जाम में एंबुलेंस और पुलिस के वाहन भी फंस गए। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। बुधवार करीब 11 बजे लगा जाम दोपहर दो बजे तक सामान्य हो पाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
जाम में फंसी एंबुलेंस, अटकी रही जान
बुधवार दोपहर शहर में जाम के दौरान नानकचंद रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। इस दौरान 108 एंबुलेंस भी वाहनों की बीच फंस गई। चालक शायरन देता रहा, लेकिन जाम होने के कारण उसे रास्ता नहीं मिल सका। जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस अमरोहा नगर सीएचसी से सड़क हादसे में घायल मरीज लेकर जिला अस्पताल जा रही थी। इस दौरान घायल की जान अटकी रही। इस दौरान पुलिस और कुछ लोगों की मदद से किसी तरह एंबुलेंस को निकाला गया।
लोग बोले, रात में भी हो सकता है सड़क का काम
जाम में फंसे बाइक सवार राकेश कुमार ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग का सड़क निर्माण करना और पुलिस का अचानक वाहनों का रोकना मनमानी वाला रवैया है। पीडब्ल्यूडी विभाग दिन की जगह रात में भी तो सड़क का निर्माण कर सकता है। लेकिन, उन्हें लोगों की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। अगर अभी शहर में मुख्यमंत्री या कोई और बड़े नेता आए तो रातोरात सड़क बिछाई जाती हैं। लेकिन, आम जनता को परेशान करने के लिए दिन में ही सड़कों को निर्माण कराया जाता है।
- पुराने रोडवेज अड्डे के पास पीडब्ल्यूडी सड़क का निर्माण करा रहा है। इसलिए, वाहनों को उधर जाने से रोका गया। वाहनों के रुकते ही जाम की स्थिति बन गई। तुरंत की पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवा कर वाहनों को गंतव्य के लिए भेजा।
-अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी
- हमारे द्वारा कार्य कराया जा रहा है। हम यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को लेटर लिखना भूल गए थे। अब लेटर लिख दिया है।
- गौरव रंजन, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी