अमरोहा। श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के आदर्श रामलीला महोत्सव में कुंभकरण, मेघनाथ और अहिरावण वध की लीलाओं का मंचन किया गया। सजीव अभिनय पर पंडाल जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन में कुंभकरण को जगाने, रावण और विभीषण से उसके संवाद तथा वध की लीला दिखाई गई। कुंभकरण ने रावण को अधर्म छोड़ने की सीख दी, लेकिन भाई के प्रति कर्तव्य निभाने के लिए युद्ध किया। इसके बाद निकुंबला देवी की पूजा, लक्ष्मण-मेघनाथ युद्ध और मेघनाथ वध का मंचन हुआ। अहिरावण द्वारा श्रीराम-लक्ष्मण को पाताल लोक ले जाने, हनुमान-मकरध्वज युद्ध और अहिरावण वध की लीला ने दर्शकों को रोमांचित किया।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, रामायण और श्रीराम के आदर्शों से जोड़ना है। इस अवसर पर रमेश कुमार कालू, अजय अग्रवाल, करुणेश गोयल, कपिल शर्मा और अजय चतुर्वेदी मौजूद रहे।