मंडी धनौरा (अमरोहा)। पांच दिन पहले नानी की डांट से नाराज होकर नहर में कूदे छात्र आर्यन का अभी तक सुराग नहीं लगा है। मंगलवार को परिजनों ने ग्रामीणों के साथ चांदपुर मार्ग पर जाम लगाकर रामगंगा पोषक नहर का पानी बंद करने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसडीम व सीओ ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
डिडौली कोतवाली के गांव मुबारकपुर नूरी निवासी सुरेश कुमार का बेटा आर्यन धनौरा के गांव अख्तियारपुर में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। बीते शुक्रवार को नानी की डांट से नाराज होकर आर्यन ने रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी थी। गोताखोर और एसडीआरएफ ने छात्र की काफी तलाश की लेकिन रामगंगा पोषक नहर का जलस्तर व तेज बहाव आर्यन की तलाश में बाधा बना है। परिजनों ने नहर का पानी बंद कराने की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मंगलवार की सुबह गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ चुचैला कला में रामगंगा पोषक नहर के पुल पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि नहर का पानी बंद कराया जाए, ताकि आर्यन की तलाश की जा सके। मौके पर पहुंचे एसडीम शैलेश कुमार दुबे व सीओ अंजलि कटारिया ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नहर का पानी बंद करने के लिए डीएम को लिखा गया है। इस मौके पर भाकियू नेता गुरमीत सिंह, राजीव कुमार, संजीव कुमार, हरपाल सिंह आदि मौजूद थे।