बृहस्पतिवार को सीडीओ ने कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले की रैंक में गिरावट होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सुधार की चेतावनी दी। साथ ही फैमिली आईडी को बनाने के लिए दिए गए लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि किसी को ई-ऑफिस के संबंध में कोई समस्या है तो वह जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी से संपर्क कर समस्या का समाधान करें और ई-ऑफिस के माध्यम से पत्राचार करने के लिए उसे व्यवहार में लाएं। उन्होंने कहा कि ई-आफिस से फाइलों के मूवमेंट में जिले की 52वीं रैंक है। इसमें सुधार की जरूरत है।
सीडीओ ने कहा कि शुक्रवार को विकास भवन और 21 जून को मिनी स्टेडियम में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने खराब रैंकिंग वाले विभागों के अफसरों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी। साथ ही बैठक में अस्पस्थित रहे अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल निगम के अनुपस्थित होने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। बैठक में डीडीओ सरिता द्विवेदी, उपनिदेशक कृषि डॉ. रामप्रवेश, अधीक्षण अभियंता विद्युत सुनील कुमार, डीपीआरओ पारूल सिसोदिया, बीएसए डॉ. मोनिका, डीएसटीओ पुनीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी शामिल रहे।