अमरोहा। शहर कोतवाली की रज्जाक चौकी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ई-रिक्शा चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई ई-रिक्शा भी बरामद कर ली। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इकरार नगर की है। यहां निवासी मोहम्मद आदिल ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे वह खाना खाने के लिए घर पहुंचे थे और ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ी कर दी थी। कुछ देर बाद बाहर आने पर ई-रिक्शा गायब मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को चौकी प्रभारी संदीप बालियान ने हेड कांस्टेबल मोहम्मद साजिद और कांस्टेबल मोहित के साथ कार्रवाई करते हुए मोहल्ला कुरैशी निवासी समद उर्फ अब्दुल और उवैस को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई ई-रिक्शा बरामद कर ली गई। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।