गजरौला(अमरोहा)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक, फील्ड अफसर समेत चार लोगों पर ग्रामीण की फर्जी आईटीआर बनाकर उसके नाम दस लाख रुपये का होम लोन निकालने का आरोप लगा है। बैंक का नोटिस मिलने पर ग्रामीण को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर मौलवी निवासी हरवेंद्र सिंह के मुताबिक, खाईखेड़ा निवासी प्रदीप कुमार और अरुण अग्रवाल ने पीएनबी से ऋण दिलाने की बात कही। आईटीआर भरने से इन्कार करने के बावजूद दोनों ने उनसे कागजों पर हस्ताक्षर कराए और लोन न होने की बात कहकर घर भेज दिया। आरोप है कि प्रदीप, अरुण, पीएनबी चौपला शाखा के मैनेजर मिदीद पाराशर और फील्ड अफसर राजकुमारी ने फर्जी आईटीआर बनाकर उनके नाम दस लाख रुपये का होम लोन निकाल लिया।
बैंक का नोटिस मिलने पर उन्होंने शिकायत की तो आरोपियों ने डराया-धमकाया और रुपये जमा करने को कहा। मैनेजर को लिखित शिकायत देने पर भी कार्रवाई नहीं हुई। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि तहरीर पर शाखा प्रबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। माले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।