गजरौला। कार्तिक पूर्णिमा पर लगे तिगरी गंगा मेले में आए परिवार की बेटी की गंगा में डूबकर मौत के मामले में पुलिस ने गांव के पिंटू पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एफआईआर के मुताबिक उसकी लापरवाही से किशोरी गंगा में डूब गई थी जिसका शव 17 नवंबर को गंगा में उतराता मिला।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव वाजिदपुर निवासी मंजीत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एफआईआर के मुताबिक वह जीजा हुकुम सिंह, बहनों सोनम, पिंकी, आंकाक्षा, मांशी, नेहा और चचेरे भाई अमित के साथ गंगा में नहा रहा था। आरोप है कि इस दौरान गांव का पिंटू पाल आया। उसने मजाक में सोनम के मुंह पर रेता मारा जो उसकी आंखों में भर गया। इस पर वह मुंह धोने लगी।
इस बीच पिंटू पाल भी उसके साथ चला गया। वह गहरे पानी में डूबने लगी। उसने पिंटू से खुद को बचाने के लिए कहा लेकिन वह बचाने की बजाय उसे छोड़कर भाग गया। आरोप है कि पिंटू की लापरवाही से वह गंगा में डूब गई। पुलिस ने मंजीत की तहरीर पर पिंटू पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।