अमरोहा। फहीम हत्याकांड में नामजद तीन सगे भाइयों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। आक्रोशित परिजनों ने लखनऊ पहुंचकर सीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से भी मुलाकात की। पीड़ित परिवार ने अभियुक्तों से हमसाज विवेचक को बदलवाने की मांग की है। इससे पहले पीड़ित परिवार ने एसपी और डीआईजी से भी मुलाकात करके अभियुक्तों की की गिरफ्तारी की मांग की थी।
शिकायतीपत्र में मोहल्ला चकली निवासी बावर्ची फहीम की पत्नी शहजादी अंसारी ने बताया कि 12 सितंबर की रात फहीम की मोहल्ला काजीजादा में इमामबाड़े के पास हत्या कर दी गई थी। हत्या पुरानी रंजिश में पड़ोस में रहने वाले जाकिर ने सीने में सूजा घोंपकर की थी। परिजन लहूलुहान फहीम को सीएचसी लेकर पहुंचे थे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
फहीम के भाई एजाज की तहरीर पर पुलिस ने जाकिर व उसके तीन भाइयों के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। मुख्य अभियुक्त जाकिर को अगले दिन ही गिरफ्तार करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया था जबकि उसके भाई जाहिद, वाहिद व शाहिद अभी तक भागे हुए हैं। पुलिस इन तीनों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी है कि अभियुक्त लगातार फैसले का दबाव बनाकर धमकियां दिलवा रहे हैं।