आदमपुर। आदमपुर संभल मार्ग पर कार ने बाइक सवार आदमपुर के गांव बगड़पुर छोईया निवासी क्लीनिक संचालक प्रताप सिंह (28) को रौंद दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जिस कार से यह हादसा हुआ। उस कार पर पुलिस लिखा हुआ था। मौत की घटना की जानकारी मिलने पर गुस्साए ग्रामीण एकत्र होकर थाने पहुंच गए और थाने में धरना दे दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव बगड़पुर छोईया में किसान शंकर सिंह का परिवार रहता है। शंकर सिंह का बेटा प्रताप सिंह क्लीनिक संचालक था। वह सोमवार की दोपहर को आदमपुर से सबमर्सिबल का सामान लेकर अपने गांव जा रहा था। आदमपुर संभल मार्ग पर गांव से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर सामने से आ रही कार ने रौंद दिया। काफी दूर तक बाइक सवार को घसीटा गया। जिसमें वह घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया।
मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए और ट्रैक्टर-ट्राॅली में सवार होकर वह थाने पहुंच गए। थाने जाकर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने बताया कि जिस कार ने घटना को अंजाम दिया। वह कार चालक कार लेकर थाने पहुंच गया। कार थाने में खड़ी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में धरना रहा। मृतक ने अपने पीछे पत्नी व दो बच्चे छोड़े हैं। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। जिस कार से हादसा हुआ है, उस कार पर पुलिस लिखा हुआ है। कार किसकी है, इसकी जांच कराई जा रही है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।