शादी तय होने के बाद लड़के वालों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर बरात लाने से इंकार कर दिया। दहेज में चार पहिया वाहन और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। जिसके बाद दोनों पक्षों में बात बिगड़ गई। युवती के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ये मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले किसान ने अपनी बेटी का रिश्ता नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटी बेगम सराय निवासी युवक के साथ तय किया था। दोनों पक्षों के बीच परंपरागत तरीके से लेनदेन हुआ। शादी के लिए 15 जून की तारीख तय की गई। आरोप है कि मंगलवार को बेटी के मंगेतर ने फोन कर दहेज में चार पहिया वाहन और एक लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर बरात लाने से इंकार कर दिया।
स्पष्ट कहा कि यदि दहेज में कार और एक लाख रुपये नहीं मिले तो शादी नहीं करूंगा। इसके बाद दोनों पक्षों में पंचायत की हुई। इसके बाद भी लड़के पक्ष के लोग दहेज की मांग पर अड़े हुए हैं। इससे नाराज युवती के पिता ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।