कार और टैंपो की टक्कर, तीन महिलाओं समेत छह घायल
- देहात थानाक्षेत्र में जोया ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
- पुलिस ने घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती, एक गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। जोया रोड स्थित ओवरब्रिज पर कार और टैंपो की टक्कर हो गई। हादसे में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
देहात थाना एसओ हमबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के जमना खास निवासी शिवम, अमन सिंह, सुनीता देवी और शिक्षा देवी कार में सवार होकर जोया की तरफ से अमरोहा सिटी की तरफ जा रहे थे। जबकि एक टैंपो सवार लेकर सिटी की तरफ से जोया जा रहा था। टैंपो में इमरान निवासी मोहल्ला अहमद नगर अमरोहा, हेतराम सिंह निवासी नंगलिया गजरौला, महीलाल और प्रवेश निवासी पैगंबरपुर डिडौली सवार थे। अभी दोनों वाहन जोया रोड स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। तभी दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार सुनीता, शिक्षा और टैंपो में सवार इमरान, हेतराम, महीलाल व प्रवेश घायल हो गए। थोड़ी ही देर में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्रवेश को गंभीर हालत में बाहर रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ के मुताबिक दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। जिस भी वाहन चालक की गलती होगी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है।