अमरोहा। पंद्रह दिन पहले सदर विधायक महबूब अली के पेट्रोल पंप से चोरी कैंटर को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मेरठ के चोरों ने घटना का अंजाम दिया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि, अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इंस्पेक्टर अजय कुमार ने शनिवार को कैंटर चोरी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रजबपुर थानाक्षेत्र के रामपुर घना निवासी जीशान ने अपना कैंटर जोया रोड स्थित सदर विधायक महबूब अली के पेट्रोल पंप पर चार दिसंबर की शाम को खड़ा किया था। लेकिन, इसी रात बोलेरो सवार कुछ युवक यहां पहुंचे और कैंटर को चोरी कर लिया था। चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी जबकि, जोया टोल प्लाजा के कैमरों में भी आरोपियों को गजरौला की तरफ कैंटर लेकर जाते देखा गया था। पीड़ित ने अज्ञात चोरों केे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एसपी सुनीति ने कैंटर चोरों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। तभी से पुलिस चोरों की गिरफ्तारी के लिए खाक छान रही थी। शनिवार को पुलिस ने मेरठ में साफियाबाद लोटी निवासी असलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का कैंटर बरामद कर लिया है। पुलिस अन्य तीन आरोपियों ने गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक घटना वाली रात चारों आरोपी अमरोहा जोया रोड पर पहुंचे थे। यहां कैंटर को खड़ा देखकर उनकी नीयत बदल गई और वारदात को अंजाम दे दिया था। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।