अमरोहा। यूपी बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी जारी हो चुकी है। विद्यार्थियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मेहनत शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए जारी मॉडल पेपर से विद्यार्थियों की राह आसान होगी। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल, इंटर के छात्रों की तैयारी के लिए वेबसाइट पर मॉडल पेपर अपलोड कर दिए है जिससे परीक्षार्थियों को पेपर का प्रारूप समझने में आसानी होगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को संपन्न होंगी। परीक्षा की तिथियों के घोषित होने के साथ ही केंद्रों के निर्धारण की रूपरेखा भी जारी कर दी गई है। 17 नवंबर तक अपलोड की गई आधारभूत सूचनाओं, जियो लोकेशन का भौतिक सत्यापन डीएम द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति करेगी। समय सारिणी जारी होने के बाद विद्यालयों में भी कोर्स को तेजी के साथ पूरा कराया जा रहा है।
वहीं, बच्चों ने भी पढ़ाई के लिए दिनचर्या में बदलाव शुरू कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए बोर्ड ने भी अपनी वेबसाइट पर मॉडल पेपर भी अपलोड कर दिए हैं। मॉडल के प्रारूप को देखकर बच्चों को परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी। इसमें सबसे ज्यादा फायदा व्यक्तिगत फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों को होगा। क्योंकि वह घर बैठे बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी कर सकते हैं। साथ ही हाईस्कूल की परीक्षा में पहली बार बैठने वाले परीक्षार्थी भी प्रश्नपत्र का प्रारूप ठीक से समझ सकेंगे।
परीक्षा की तैयारियां तेजी के साथ चल रही हैं। केंद्र निर्धारण के लिए सत्यापन को कमेटी का गठन भी हो गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए बाेर्ड ने वेबसाइट पर मॉडल पेपर अपलोड किए हैं। जिसे देखकर बच्चे अपनी तैयारियां कर सकते हैं। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस