बहुजन समाज पार्टी अमरोहा शहर यूनिट की ओर से कैलसा रोड स्थित बैंक्वेट हाल में पार्टी सुप्रीमो मायावती के 61वें जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में केक कटने के साथ इसे पाने के लिए लूट मच गई। आपाधापी और छीना झपटी में केट नीचे जमीन गिर गया। कार्यकर्ताओं में केक लूटने के लिए भगदड़ मच गई। जमीन पर गिरा केक लूटकर ले गए। जिसके हाथ में जितना आया, लेकर चलता बना।
पार्टी हाईकमान की ओर से मिले आदेशों के अनुसार जिलेभर पार्टी सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन प्रत्येक विधानसभा अलग अलग मनाया गया। हर विधानसभा के लिए मुख्य अतिथि भी तय किया गया था। बहुजन समाज पार्टी शहर यूनिट की ओर से शहर के कैलसा रोड स्थित बैंक्वेट हाल में जनमदिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अमरोहा शहर विधानसभा से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारियों का मौके पर दोपहर 12 बजे तक जमघट लग गया था। जन्मदिन सेलीब्रेट करने के लिए 11 किलो का केक मंगाया गया था।
दोपहर एक बजे मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष डॉ. होरी सिंह, अमरोहा से प्रत्याशी नौशाद अली और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने केक काटा ही था कि मौके पर अफरातफरी मच गई। केक पाने के लिए कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े। आपाधापी और भगदड़ के बीच केक जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं में केक लूटने की होड़ मची रही।
जमीन पर गिरा केक भी लूटकर लोग घर ले गए। पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को मना करते रहे, शांति व्यवस्था बनाने की अपील करते रहे, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं था। हारकर वो भी तमाशा देखते रहे। कार्यकर्ता तक तक लूट मचाए रहे, जबतक केक खत्म नहीं हो गया। जिसके हाथ में जितना आया लेकर चलता बना। इन सबके बीच कइयों कपड़े खराब हो गए और कइयों को धक्के भी लगे।
पार्टी सुप्रीमो की जन्मदिन आज जिले की सभी विधानसभाओं में धूमधाम के साथ मनाया गया। ऊपर से ही विधानसभा स्तर पर आयोजन के निर्देश थे। सभी जगह अलग-अलग मुख्य अतिथि में तय थे। कैसला रोड पर बसपा शहर यूनिट की ओर से आयोजन किया गया था। कार्यकर्ताओं की भीड़ थोड़ी अधिक हो गई थी। इसलिए थोड़ी अव्यवस्था हो गई। भगदड़ जैसी कोई बात नहीं थी।डॉ. होरी सिंह, जिलाध्यक्ष बसपा
शहर यूनिट ने किया आयोजन से ही इंकार
अमरोहा। इस संबंध में जब शहर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं प्रत्याशी नौशाद अली से बात की गई, तो वे आयोजन से ही मुकर गए। कहा कि आयोजन जिला यूनिट की ओर से कि जन्मदिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुझे इसकी जानकारी नहीं है।