ब्लाक कार्यालय के निकट बाइपास मार्ग पर लगा जाम
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। गन्ने से लदे वाहनों की वजह से दोपहर से शाम तक बाईपास मार्ग पर रामलीला मैैदान से तहसील कार्यालय तक जाम लगा रहा। जाम में स्कूली वाहन भी फंसे रहे। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के हालात से निपटने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। साप्ताहिक बाजार का दिन होने की वजह से बाईपास मार्ग पर भारी भीड़ रही।
मंगलवार को बाईपास मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ब्लाक कार्यालय के पास चीनी मिल को जाने वाले मार्ग के मोड़ पर गन्ने से लदे ट्रकों की वजह से वाहनों के पहिए एक बार थमे तो वे थमते ही चले गए। वाहनों की भीड़ की वजह से जाम बढ़ता रहा। जाम की हालत यह हो गई कि गोलघर से तहसील कार्यालय तक वाहनों की कतार दिखाई पड़ रही थी। किसी राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारु करने का प्रयास किया। लगभग पांच घंटे तक बाईपास मार्ग पर जाम के हालात रहे। दो पहिया वाहनों को भी निकलने में दिक्कत आ रही थी। साप्ताहिक बाजार का दिन होने की वजह से बाईपास मार्ग पर ठेले व फड़ वालों ने भी जाम लगाने में सहयोग किया।