दुकान के बाहर कार खड़ी करने पर कार सवार युवकों ने व्यापारी और उसके नौकर के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस उनको चौकी ले गई तो चौकी में हेड कांस्टेबल के साथ अभद्रता की गई। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शेरपुर चुंगी के पास कीटनाशक दवा का व्यापार करने वाले विजय अग्रवाल विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नगर अध्यक्ष भी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम दो युवकों ने उनकी दुकान के बाहर कार खड़ी कर दी। कार में एक महिला भी सवार थी। उन्होंने दुकान के बाहर कार खड़ी करने से मना किया तो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज दी। विरोध करने पर युवकों ने उनके व दुकान के नौकर राजू के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों व महिला को चौकी पर ले आई।
आरोप है कि कार सवार महिला पुलिस चौकी में वीडियो बनाने लगी। मना करने पर उन्होंने हेड कांस्टेबल के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान उनका एक और साथी भी वहां पर आ गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजू की ओर से कस्बा बछरायूं केे करीम, फहीम व करीम की पत्नी व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद काफी संख्या में व्यापारी थाने पहुंच गए थे।