अमरोहा। एक महिला ने एक ट्रस्ट संचालक पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। आरोप है कि ट्रस्ट संचालक ने महिला और उसके बच्चों की सोते में फोटो खींचकर फेसबुक पर अपलोड कर दी और लिख दिया कि यह ब्र्रेन ट्यूमर से पीड़ित और अनाथ है। उनका नाम पता भी गलत लिखा है। आरोप है कि मदद के नाम ट्रस्ट संचालक ने विदेशों से लाखों रुपये फंड ले लिया है।
रजबपुर थाना क्षेत्र की महिला ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव में एक ट्रस्ट चलाने वाले व्यक्ति ने सात साल पहले महिला और उसके बच्चों के सोते समय फोटो खींच लिए थे। आरोपी ने 26 सितंबर 2013 को महिला और बच्चों की फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ में लिखा कि महिला ने हिंदू से ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया है। उसके बच्चों अनाथ बताते हुए लिखा कि इन्हें ब्रेन ट्यूमर है। आरोप है यह बताकर ट्रस्ट संचालक ने विदेशों से लाखों रुपये मंगाए है। जबकि महिला के बच्चे बिल्कुल स्वस्थ हैं। पीड़िता ने आरोपी संचालक और उसके ट्रस्ट की जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में एसपी सुनीति का कहना कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।