अमरोहा। बीए की एक छात्रा को फिल्म और मॉडलिंग की दुनिया में स्थापित कराने का झांसा देकर अश्लील फोटो खींचने और फिर ब्लैकमेल कर सोने की बाली और 50 हजार कैश वसूलने का मामला सामने आया है। यह कारनामा करने वाला छात्रा का रिश्ते का मामा है। अब ब्लैकमेलर ने एक लाख रुपये की मांग कर दी तो घबराई छात्रा ने घर वालों को सच बताया। इसके बाद बात एसपी डॉ विपिन ताडा तक पहुंची। उनके निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र की एक कालोनी में रहने वाले परिवार से जुड़ा है। परिवार में अक्सर आने वाले मुरादाबाद के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सोनकपुर निवासी रिश्तेदार ने परिवार में मौजूद 19 वर्षीय छात्रा को अपने जाल में फंसा लिया। रिश्ते के मामा ने छात्रा के व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए उसे फिल्मों और मॉडलिंग की दुनिया में स्थापित कराने का झांसा देते हुए अजीबो-गरीब कपड़ों और मुद्राओं में उसके कुछ फोटो खींच लिए। बाद में फोटो अश्लील बताते हुए रिश्तेदारों के बीच वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। घबराई छात्रा ने अपने कान की सोने की बालियां उसके हवाले कर दीं। बाद में चोरी-छिपे घर की अलमारी से 50 हजार रुपये निकाल कर भी उसे दे दिए। ब्लैकमेलर यहीं नहीं रुका, फिर उसने एक लाख रुपये की मांग रख दी। इसके बाद घबराई छात्रा ने घर वालों को पूरा वाकया बताया।
घर वालों ने मामले को लेकर एसपी डॉ विपिन ताडा से मुलाकात की। एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में रिश्ते के मामा आरोपी ललित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।