सैदनगली (अमरोहा)। भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष पश्चिमी टिंकू चौधरी के आह्वान पर ग्राम चमर पतेई में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण के लिए आवाज बुलंद की गई।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश के अंदर रासायनिक खादों का कहीं आता-पता नहीं है, सरकार झूठ बोलती है कि खाद की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी जोरों पर है। बिना खाद के किसान खेतों की बोआई कर रहा है। बिजली अमेंडमेंट बिल वापस करने की मांग को पूरा नहीं किया गया। प्रदेश में जानबूझकर सांप्रदायिक दंगे कराए जा रहे हैं। सरकार किसानों, मजदूरों, गरीबों, दलित और वंचित समाज अल्पसंख्यकों के हितों के अनदेखी करते हुए उनका शोषण कर रही है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्येंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को बंद करने की बात गलत है। प्रदेश अध्यक्ष टिंकू चौधरी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया। यहां वकील सैफी, नईमुद्दीन, अंकित त्यागी, डॉ. जाकिर हुसैन, सर्वेश यादव, प्रदीप चौधरी, किन्नर समाज की प्रदेश अध्यक्ष बबली आदि लोगों ने संबोधित किया। प्रधानमंत्री को संबोधित 12 सूत्री ज्ञापन स्थानीय स्तर पर थाना प्रभारी को सौंपा गया।