भाकियू नेता राकेश टिकैत के पुत्र चरन सिंह मीडिया के लोगों से वार्ता करते हुए
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के पुत्र व युवा भाकियू नेता चरन सिंह टिकैत ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार हठधर्मिता पर उतारू है। लेकिन किसान भी अपनी मांगे पूरी हुए बगैर खाली हाथ नहीं लौटेंगे। वह सुधाकर सिंह के निवास पर मीडिया के लोगों का स्वागत कर रहे थे। उनका भाकियू कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
मीडिया के लोगों से वार्ता करते हुए भाकियू नेता ने कहा कि कृषि सुधार कानून किसानों के लिए डेथ वारंट हैं। सरकार पूूंजीपतियों के दबाव में किसान व खेती को बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने ट्रैक्टरों में डीजल भरकर तैयार रखें। गाजीपुर बार्डर पर पहुंचने का कभी भी बुलावा आ सकता है। उन्होंने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि किसान आंदोलन में अभी तक 300 किसान शहीद हो गए लेकिन सरकार के किसी भी मंत्री ने एक शब्द तक नहीं कहा। उन्होंने कहा कि किसानों ने भाजपा की सरकार बनवा कर इस बार तो गलती कर दी लेकिन आगे नहीं करेगी। इस मौके पर दानवीर सिंह, चंचल सिंह, बिजेंद्र शर्मा, सौवीर सिंह, गुरमीत सिंह, सुभाष चंद, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। संवाद