अमरोहा। पंचायती राज कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प के साथ ही प्रत्येक योजना बना रही है। उसी आधार पर उनका क्रियान्वयन भी हो रहा है। पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ योजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है। जिससे हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है।
वह शुक्रवार को जिले के गांव मुकारी में एक फार्म हाउस व बैंक्वेट हाल के उद्घाटन मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि था। आज भी है और भविष्य में भी किसानों, गांवों को केंद्र में रखकर ही योजनाएं बनाया जाना ध्येय है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों और किसानों को उनके अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अधिकार संविधान प्रदत्त हैं, उसी प्रकार कर्तव्यों का भी उल्लेख है। यदि कर्तव्यों और अधिकारों का सामंजस्य बनता है, तभी बेहतर समाज और शासन का निर्माण होता है। शिक्षक विधायक डॉ हरि सिंह ढिल्लो ने आसपास के दर्जनों गांवों से आए किसानों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप लोगों के प्रयास और दुआओं से वह विधान परिषद पहुंच पाए हैं। शिक्षक और विद्यालयों के हितों की लड़ाई के लिए विधान परिषद गए हैं, लेकिन उनके अलावा समस्त क्षेत्रवासियों-किसानों की प्राथमिकताएं भी मेरे लिए सर्वोपरि हैं। प्रत्येक क्षेत्रवासी की कोई भी समस्या, उनकी अपनी समस्या है। वह उचित मंच पर उसकी आवाज उठाएंगे और समाधान कराएंगे। इस दौरान पूर्व विधायक ठाकुरपाल सिंह, ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह, भाकियू जिला अध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह, प्रधान मलखान सिंह, प्रधान वीरेंद्र सिंह, अनुज प्रधान, जयमल सिंह, सेवा सिंह, मनमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।