अमरोहा। समाजवादी पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में बोलते हुए विधन परिषद सदस्य एवं एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने कहा कि प्रदेश में पिछड़ों पर अत्याचार किया जा रहा है। उनके हक को छीना जा रहा है। इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में दिया जाएगा।
सोमवार को नगर के एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के लोगों को पीछे ढकेलने की कोशिश में लगी है। भाजपा लोगों को जातियों के नाम पर आपस में लड़ाकर वोट हासिल करना चाहती है, लेकिन हम लोगों को सचेत रहने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण समाप्त कर पिछड़ा वर्ग को मुख्यधारा से हटाने की साजिश कर रही है। अखिलेश यादव सर्वसमाज के साथ पिछड़ों के हिमायती हैं। उन्हें पुन: सीएम बनाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। जब से भाजपा सरकार में आई है, तब से सिर्फ पिछड़ों और दलितों को आपस में लड़ाने का कार्य की है। यह पिछड़ा सम्मेलन सभी को एकजुट करने में कारगर साबित होगा। अध्यक्षता बलजीत कश्यप एवं संचालन जिला उपाध्यक्ष संदीप गुर्जर ने किया। यहां राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति, जिला अध्यक्ष निर्मोज यादव, योगेंद्र खड़गवंशी, चंद्रपाल कसाना, नवेंद्र उर्फ गुड्डू, विक्रम प्रजापति, जयसिंह खड़गवंशी, हेतराम सैनी, हरीश कश्यप, हरपाल कश्यप मौजूद रहे।