शॉपिंग मॉल में खरीदारी करने पहुंचे भाजपा के नगर अध्यक्ष की कार पार्किंग के दौरान हुई कहासुनी को लेकर दो युवकों ने पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान भाजपा नेता की एक आंख पर गहरी चोट लगी है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला बटवाल निवासी प्रेम सिंह सैनी भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष है। आरोप है कि वह मंगलवार की दोपहर जोया रोड स्थित एक शॉपिंग मॉल में सामान खरीदने के लिए गए थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार पार्किंग की, तभी दो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर पिटाई की। पिटाई से उनकी दायीं आंख में गहरी चोट आई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन इससे पहले आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि ने बताया कि प्रेम सिंह सैनी की तहरीर पर फिरोज निवासी कुरैशी और शालिब निवासी घेर पच्छैया के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।