चंद्रपाल खड़गवंशी को प्रत्याशी घोषित करने के बाद लगातार विरोध का सामना कर रही भारतीय जनता पार्टी ने अपने फैसले को बदलते हुए यहां से अब महेंद्र सिंह खड़गवंशी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रविवार को जारी भाजपा की सूची में उनका नाम शामिल हैं।
जिले की चारों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद भाजपा को विरोध का सामना करना पड़ रहा था। इसमें अन्य सीटों पर विरोध शांत हो गया था, लेकिन हसनपुर सीट पर घोषित प्रत्याशी चंद्रपाल खड़गवंशी का लगातार विरोध हो रहा था।
समर्थक तो विरोध कर ही रहे थे, पिछला चुनाव लड़ चुके और वर्तमान में दावेदारी कर रहे महेंद्र सिंह खड़गवंशी सांसद के आवास पर अनशन पर बैठ गए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि संसदीय समिति की सूची में उनका नाम था, लेकिन सांसद कंवर सिंह तंवर ने अपने चहेते चंद्रपाल खड़गवंशी को टिकट दिला दिया।
अनशन की गूंज दिल्ली तक पहुंची थी और उन्हें वहां बुला लिया गया था। दिल्ली में उन्होंने अमित शाह को अपनी व्यथा बताई थी। समस्या के समाधान करने का आश्वासन दिया गया था। रविवार को भाजपा ने सीट पर अपना प्रत्याशी बदलते हुए यहां से महेंद्र सिंह खड़गवंशी के नाम का एलान कर दिया। अब महेंद्र सिंह यहां से भाजपा की नैया पार लगाएंगे।
हसनपुर सीट पर घोषित प्रत्याशी चंद्रपाल सिंह खड़गवंशी का टिकट बदल कर महेंद्र सिंह खड़गवंशी की टिकट किए जाने की सूचना मिल गई है। फैसला हाईकमान की ओर से लिया गया है। महेंद्र को चुनाव लड़ाया जाएगा। डॉ. ऋषिपाल नागर, जिलाध्यक्ष भाजपा