गजराैला में सराफ के पिता से ठगी के बाद सीसीटीवी कैमरे देखते लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
गजरौला (अमरोहा)। सराफा कारोबारी के पिता से बृहस्पतिवार को एक सवार युवक ने सोने की चेन ठग ली और भाग गया। युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं।
संत नगर मोहल्ला निवासी सुरेश चंद्र शर्मा के बेटे की ज्वैलर्स की दुकान है। सुरेश चंद शर्मा का कहना है कि वह बृहस्पतिवार सुबह 9.15 बजे नगर के बस्ती मोहल्ले में ही चौराहे पर एक दुकान के सामने खड़े थे। इस दौरान एक बाइक सवार युवक आया और बातचीत शुरू कर दी। उनके गले में सोने की चेन देखकर अपनी मां के लिए ऐसी ही चेन बनवाने की बात कहते हुए चेन दिखाने को कहा।
उन्होंने बाइक सवार युवक के हाथ में सोने की चेन थमा दी। इस बीच युवक चेन लेकर भाग गया। उनके शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए। उनसे घटना की जानकारी ली। युवक का पीछा भी किया, लेकिन वह इंदिरा चौक की तरफ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो युवक की तस्वीर कैद हो गई। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि घटना की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। एक युवक की तस्वीर कैद हुई है। उसे तलाश किया जा रहा है।