हसनपुर-संभल मार्ग पर बाइक की बैलगाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार रविंद्र (18) की मौत हो गई। जबकि, उसका साथी घायल हो गया।
हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर थानाक्षेत्र के चक लठीरा गांव निवासी रविंद्र (18) साथी नरवीर के साथ रविवार रात आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। हसनपुर-संभल मार्ग पर गांव कालाखेड़ा के पास बैलगाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक का उपचार चल रहा है। मृतक रविंद्र पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि हादसे में युवक की मौत हुई है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।