मंडी धनौरा (अमरोहा)। नगर के व्यस्त महादेव चुंगी चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे युवक की पहिए के नीचे आकर मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा एक व्यक्ति बच गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया लेकिन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव मोहददीनपुर निवासी हेमंत पुत्र ब्रहमराज उम्र 30 साल गुरुवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे बाइक से गजरौला दिशा की ओर जा रहा था। बाइक पर गांव के ही जयप्रकाश बैठे हुए थे। नगर की महादेव चुंगी चौराहे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों नीचे गिर गए। हेमंत ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जयप्रकाश बच गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। लोगों ने पीछा किया तो चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक इनवर्टर बनाने की फैक्टरी में काम करता था।