अमरोहा। जयमाला के दौरान डीजे बजाने को लेकर घराती और बरातियों में जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे को बेल्टों से पीटा। जमकर कुर्सियां चलीं। घटना में डीजे चलाने वाले दो सगे भाई घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। घटना की तहरीर दे दी गई है।
रविवार को मंडी धनौरा थानाक्षेत्र के सुभाष नगर से अमरोहा नगर के मोहल्ला छेबड़ा में बरात आई थी। शादी का कार्यक्रम एक धर्मशाला में चल रहा था। बरात चढ़त के बाद जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान बरात में शामिल लोग डीजे बजाने को कह रहे थे, जबकि धर्मशाला के आयोजकों ने बिजली से डीजे चलाने को मना कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जनरेटर में तेल डालकर डीजे बजा सकते हैं। मोहल्ला छेबड़ा के ही रहने वाले अजय और प्रमोद दोनों सगे भाइयों ने भी डीजे बजाने से इन्कार कर दिया। तभी बरातियों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद डीजे बजाने को लेकर घराती और बरातियों में जमकर मारपीट हुई।
घटना में डीजे बजाने वाले अजय और उसका भाई प्रमोद चोटिल हो गए। इस दौरान धर्मशाला के बाहर सड़क पर जमकर कुर्सियां चलीं। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस मामले में घायल अजय और प्रमोद ने छेबड़ा मोहल्ले के ही रहने वाले दो युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।