अमरोहा। जिले में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा नौ जून यानी रविवार आज आयोजित होगी। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में तीनों केंद्राें पर 1460 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। परीक्षा नकलविहीन एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं।
जेएसएच हिंदू कॉलेज के प्राचार्य व परीक्षा के नोडल डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अमरोहा नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज एवं कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। तीनों केंद्रों पर कुल 1460 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। यह परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कराई जा रही है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। शनिवार को सिटिंग प्लान पूरा कर लिया गया। परीक्षा कड़ी सुरक्षा एवं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी।
-
किस केंद्र पर कितने अभ्यर्थी
1. राजकीय बालिका इंटर कॉलेज- 500
2. जेएसएच पीजी कॉलेज - 500
3. कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज- 460
आधे घंटे बाद तक मिल सकेगी एंट्री
परीक्षा के नोडल अधिकारी ने बताया कि सुबह की पाली 9 तो दोपहर की पाली 2 बजे शुरू होगी। परीक्षार्थियों को आधे घंटे पहले तक परीक्षा केंद्र तक पहुंचना होगा। हालांकि, किन्हीं कारणों से देरी होने पर परीक्षार्थियों आधे घंटे बाद तक एंट्री दी जा सकेगी। लेकिन, आधा घंटा से अधिक समय होने पर उन्हें वापस भेज दिया जाएगा।
घड़ी व मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे परीक्षार्थी
अमरोहा। नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए पूरी तैयारी है। परीक्षार्थियाें को केंद्र पर स्मार्ट वॉच या साधी घंड़ी बांधकर आने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, मोबाइल व किसी भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस लाने पर भी पाबंदी है। यदि कोई परीक्षार्थी इसका प्रयोग करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।