अमरोहा। जनपद में कोरोना वायरस की रफ्तार धीमी हो गई है, लेकिन दूसरी बीमारियां दस्तक देने को तैयार हैं। लापरवाही बरती तो इन बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए कोरोना से लड़ाई के साथ दूसरे संक्रामक रोगों से सतर्क रहना होगा। इन दिनों उल्टी, दस्त, मलेरिया, वायरल फीवर, डेंगू, चिकनगुनिया, पीलिया, टाइफाइड, फोड़े-फुंसी का खतरा अधिक बढ़ जाता है। इसके लिए स्वस्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
समय से पहले मानसून ने आमद दर्ज करा दी है। बारिश की फुहारों से गर्मी को कुछ राहत मिली है, लेकिन बरसात का सुहाना मौसम अपने साथ संक्रामक बीमारियां लेकर आता है। फिजिशियन डॉ. फाइक अली ने बताया कि बरसात के मौसम में कुछ सावधानियां अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है। इस मौसम में पानी के प्रदूषित होने की आशंका ज्यादा होती है। भोजन बहुत जल्दी प्रदूषित हो जाता है। जलभराव और गंदगी के कारण मच्छर तेजी के साथ पनपते हैं, जिससे मलेरिया, डेंगू का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू मादा एडिज इजिप्टी नामक मच्छर से फैलता है। इसमें तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द, जी मिचलाना और उल्टी आना, जोड़ों और मांस पेशियों में ऐंठन और अकड़न, त्वचा पर चक्कते उभरना, शारीरिक कमजोरी और थकान आदि के लक्षण होते हैं। इसलिए यह लक्षण पाए जाने पर तत्काल चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।