अमरोहा। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही कचहरी परिसर में चुनावी माहौल गरमा गया है। नई कार्यकारिणी के गठन के लिए मतदान 21 अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि मतगणना और परिणामों की घोषणा 22 अप्रैल को की जाएगी। चुनाव की तारीख सामने आते ही विभिन्न पदों के दावेदार सक्रिय हो गए हैं और समर्थन जुटाने के साथ-साथ रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
बार अध्यक्ष सलीम अहमद खां और सचिव सतीश कुमार त्यागी की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन दो अप्रैल को किया जाएगा। इसके बाद तीन और चार अप्रैल को सूची पर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सात अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। चुनाव प्रक्रिया के तहत नौ और 10 अप्रैल को प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 13 अप्रैल को की जाएगी, जबकि 15 अप्रैल को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकेंगे। 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के भाग लेने की उम्मीद है। अगले दिन 22 अप्रैल को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही कचहरी परिसर में हलचल तेज हो गई है। खासकर अध्यक्ष और सचिव पद को लेकर दावेदारों के बीच जोड़तोड़ और संपर्क अभियान तेज हो गया है। अधिवक्ता अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर हर बार की तरह इस बार भी कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।