पीएम सूर्यघर शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें लापरवाही न हो। बैंक भी योजना के तहत आने वाले आवेदनों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए आवेदनों को लंबित न रखा जाए।
यह बातें डीएम ने सोमवार को योजना की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रेरित करते हुए ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद उन्हें शत-प्रतिशत योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने विभागवार अधिकारियों को अगस्त एवं सितंबर माह के लक्ष्य निर्धारित करते हुए शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैंकों को निर्देश दिए कि ऋण के आवेदनों को बिना वजह लंबित न रखें। एक सप्ताह के भीतर आवेदनों का निस्तारण जरूर हो जाना चाहिए। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सीपी वर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के अनुदान के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी विद्युत घरेलू लोगों को अनुदान दिया जा रहा है।
पीएम सूर्य घर योजना मुफ्त बिजली योजना के तहत 01 से 10 किलोवाट तक स्थापित संयंत्रों पर सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। 45 हजार से लेकर करीब 1.08 लाख का अनुदान मिल सकता है। योजना के लिए पोर्टल https:// pmsuryaghar. gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। संवाद