अमरोहा। रुपये की जरूरत है तो बैंक से आज यानी शुक्रवार को जरूर निपटा लें। क्योंकि इसके बाद बैंक शाखाओं में लगातार चार दिन की बंदी रहेगी। हड़ताल के चलते 15 और 16 मार्च को बैंक में काम काज नहीं होगा। एटीएम के भरोसे रहना मुश्किलों को बढ़ा सकता हैं। अब तक की छुट्टियों में एटीएम की सेवा फ्लॉप साबित हुई है।
द्वितीय शनिवार की छुट्टी के साथ संयोग बना है कि बैंकों में 13 मार्च से कामकाज नहीं होंगे। बैंक शाखाओं में चार दिन तक ताला लटकता रहेगा। ऐसे में इस सप्ताह में बैंक से लेनदेन का मौका केवल 12 मार्च यानी आज तक है। इसके बाद 13 मार्च को द्वितीय शनिवार की छ़ुट्टी रहेगी। वहीं 14 मार्च को रविवार हॉली डे है। निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारी संगठनों का 15 और 16 मार्च को कार्य बहिष्कार रहेगा। कर्मचारी संगठनों ने काम नहीं करने का एलान किया है। इसके चलते लगातार चार दिन तक बैंकों में कामकाज नहीं हो सकेगा। लिहाजा रुपये की जरूरत है तो बैंक शाखाओं से जरूर निपटा लें। वरना आर्थिक जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एलडीएम प्रशांत कुमार ने बताया कि बैंक ग्राहकों की सुविधा का ख्याल है। बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने अपने शाखा के प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं। आउट सोर्सिंग एजेंसी को कैश उपलब्ध करा दिया गया है।