बकरीद शनिवार यानी सात जून को होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को अमरोहा शहर की ईदगाह समेत जिलेभर में 237 स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्थानों पर पुलिस और पीएसी बल तैनात रहेगा।
वहीं, प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। सुबह पांच बजे से दस बजे तक बिजनौर रोड पर अतरासी तिराहे से लकड़ा चौराहे तक नो-व्हीकल जोन रहेगा। सभी प्रकार का वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा कोई भी ई-रिक्शा या ऑटो नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति की ओर नहीं आएगा।
शहर के मोहल्ला इस्माइलनगर मंडी धनौरा रोड पर ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए हजारों लोग जमा होते हैं। इसके अलावा शहर के अंदर कुछ मस्जिदों में भी नमाज अदा की जाती है। इसके लिए शहर के अंदर हर चौराहे पर पुलिस पिकेट की ड्यूटी के साथ ही मोबाइल ड्यूटी लगाई गई है। शहर के अंदर घुसने वालों वाहनों को नौगावां सादात रोड, जोया पुलिस चौकी के पास, कैलसा बाईपास, अतरासी रोड, मंडी रोड के पास भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा।
वहीं, जिलेभर में करीब 133 मस्जिदों और 104 ईदगाहों पर बकरीद की नमाज पढ़ी जाएगी। नमाज की अदायगी के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। नमाज के मद्देनजर इंताजामिया कमेटी के लोगों ने जहां मस्जिदों और ईदगाहों पर सफाई व्यवस्था का दुरुस्त कर दिया है तो वहीं पुलिस व प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद कर दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस बल के साथ ही पीएसी जवानों की भी तैनाती की गई है। एसपी अमित कुमार आनंद ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही थानों में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गईं। लोगों को सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। बकरीद को लेकर बृहस्पतिवार को जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह व मस्जिदों का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं।