क्षेत्र में गोकशी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। गजरौला मार्ग जाम कर नारेबाजी करने लगे। कार्रवाई की मांग पर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। जाम में फंसे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने गोकशी के आरोपियों का एनकाउंटर कराने की मांग की। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रविवार दोपहर हसनपुर में सोहरका रोड स्थित स्टेडियम के पास आम के आग में गाेवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े होने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए और हंगामा करने लगे। वहां से अवशेष बरामद किए गए। इसके बाद शाम के समय रामपुर भूड़ मार्ग पर स्थिति आम के बाग में गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं, गड्ढा खोदकर देखा तो कई पशुओं के अवशेष मिले।
जिन्हें गोवंशीय पशुओं के अवशेष होने का दावा करते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शाम करीब पांच बजे ब्लॉक तिराहे पर गजरौला मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यकर्ताओं ने गोकशी के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की गई।
एएसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
एएसपी से मोबाइल पर बात कराने पर कार्यकर्ता को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए। प्रांत गोरक्षा प्रमुख पश्चिमी प्रदेश बजरंग दल हेमंत सारस्वत का कहना है कि किसी भी कीमत पर गोकशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह हालत नहीं सुधरे तो को जल्द ही आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। सात दिन के अंदर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि गोकशी के मामले में जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाए। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
डेढ़ घंटे जाम से लोगों को हुई परेशानी
गोकशी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गजरौला मार्ग पर शाम पांच बजे जाम लगाया। करीब साढ़े छह बजे तक जाम लगा रहा। डेढ़ घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। जिसमें कई रोडवेज बसें भी थीं। जाम की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूर-दूर तक वाहनों की लाइन रही।