हजरत शेख दाऊद बंदगी रहमतुल्ला अलैह के उर्स पर उझारी में विशाल दाऊदिया दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें नामी पहलवानों ने शिरकत कर अपने दांव-पेच दिखाए।
रविवार को बाबा बजरंगी व मस्ताना पहलवान में जोरदार मुकाबला देखने को मिला। इसमें बजरंगी ने मस्ताना को पटकनी दी। उझारी में आयोजित दंगल में हरियाणा, पंजाब, नेपाल, नागालैंड, दिल्ली, संभल, अमरोहा, बागपत व शामली सहित देशभर के पहलवानों ने शिकरत की। मुकाबले के दूसरे दिन बाबा बजरंगी व लखीमपुर खीरी के मस्ताना पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें बाबा बजरंगी पहलवान ने जीत दर्ज की।
इसके अलावा देवा शरीफ के पहलवान सुल्तान वारसी पहलवान ने कैल्शियम पहलवान (लखीमपुर खीरी) और टाइगर पहलवान (मुजफ्फरनगर) को हराकर दोहरी जीत दर्ज की। पंजाब के मौसम अली ने बुलंदशहर के गोल्ट पहलवान को परास्त किया, जबकि नागालैंड के धमाका पहलवान ने बुलंदशहर के सोनू पहलवान को शिकस्त दी। दर्शकों ने कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों पर तालियों की गड़गड़ाहट और नकद पुरस्कार देकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर शादाब मंसूर, मोबीन अहमद, मोहम्मद कासिम, अदनान महल, कोकब इक्तेदार, वहाबुद्दीन, अलाउद्दीन सैफी मौजूद रहे।