अमरोहा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अयोध्या जाने वाली द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (04213/04214) का अमरोहा स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। शुक्रवार और सोमवार को संचालित होने वाली ट्रेन के ठहराव के पहले दिन दैनिक रेल यात्री समिति के पदाधिकारियों ने स्टेशन पहुंचकर स्वागत किया। गाजियाबाद में मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेन निर्धारित समय सुबह 11:08 बजे के बजाय रात करीब 8:10 बजे अमरोहा पहुंची। समिति के सदस्य ट्रेन के स्वागत के लिए पूरे दिन स्टेशन पर इंतजार करते रहे।
समिति अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि यात्रियों की मांग पर ट्रेन का ठहराव शुरू होने से अमरोहा के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने रेलवे बोर्ड का आभार जताते हुए जिलेवासियों को बधाई दी। सचिव समर अब्बास ने बताया कि समिति की वर्षों पुरानी फैजाबाद एक्सप्रेस और रानीखेत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी जारी रहेगी। इसके लिए 25 अक्तूबर को अमरोहा स्टेशन पर प्रस्तावित भूख हड़ताल की जाएगी। स्वागत के दौरान मुजाहिद अली, इकबाल खां, फहद, साजिद मंसूरी, नाजिम, सलमान और स्टेशन अधीक्षक जीआर मीणा मौजूद रहे।