समाजवादी पार्टी में प्रदेश स्तर पर चल रही उठा-पटक नहीं थमी तो जनपद में चुनाव रोचक मोड़ पर पहुंच जाएगा। अभी एक दिन पहले ही सपा सुप्रीमो मुलायम की ओर से प्रत्याशी घोषित किए गए जिसमें शहर सीट से कैबिनेट मंत्री महबूब अली किस्मत आजमाएंगे। वहीं इस सूची में नौगावां सादात और मंडी धनौरा के वर्तमान विधायकों को जगह नहीं मिल सकी, जबकि बृहस्पतिवार को दिनभर चर्चा का बाजार गर्म रहा। इस दिन सीएम की सूची जारी की गई।
इसमें नौगावां सादात से अशफाक अली और कमाल अख्तर और मंडी धनौरा से जगराम सिंह को टिकट दिया गया। सीएम की सूची में महबूब का नाम न होना भी चर्चा का विषय बना रहा। बहरहाल मुख्यमंत्री द्वारा फाइनल सूची घोषित होने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी।
जिले में सपा परिवार के अंदर पैदा हुई गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। सूबे में टिकटों के बंटवारे में सीएम के करीबियों के पर कतरे गए हैं, उससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा है। करीबियों को बुलाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बेफिक्र रहने और चुनावी ताल ठोंकने को कहा है।
अगर शीर्ष नेतृत्व में कोई सुलह नहीं हो पाई तो जनपद की राजनीति भी बदली नजर आएगी। सूत्रों पर भरोसा करें तो सीएम के चेहरे पर विधायक अशफाक अली नौगावां सादात सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं मंडी धनौरा से जगराम सिंह और हसनपुर सीट से कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर सीएम के चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे।