कलक्ट्रेट में नारेबाजी करतीं धरने पर बैठीं आशासंगिनी कर्मचारी संगठन की पदाधिकारी। संवाद
अमरोहा। आशा व आशा संगिनी कर्मचारी संगठन के बैनर तले जिले की आशा वर्कर्स ने कलक्ट्रेट में अपनी मांगों के संबंध में धरना प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने मांगों से संबंधित सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी मंगलवार को कलक्ट्रेट मैदान में इकट्ठा हुए। संगठन की जिलाध्यक्ष उर्मिला देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष ने आशा व आशा संगिनियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देते हुए आशा को 18 हजार व आशा संगिनी को 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन का भुगतान करने, सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाते हुए ईपीएफ व ईएसआई सुविधा का लाभ देने, आशा संगिनी को सुपरवाइजर का दर्जा देने, मोबाइल अथवा टेबलेट उपलब्ध कराने, निशुल्क बीमा किये जाने, उम्र का बंधन हटाते हुए आशा संगिनी को एएनएम व आशा को संगिनी के पद पर प्रोन्नति देने, मुख्यमंत्री अथवा प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने, यात्रा भत्ता दिए जाने व मातृत्व अवकाश आदि की सुविधा दिए जाने की मांग रखी। मांगों से संबंधित एक ज्ञापन एसडीएम सदर शैलेष दुबे को सौंपा गया। इस दौरान गीता देवी, पारुल, साधना, रोली, जयवती, नीलम, मीनू देवी, रचना आदि समेत बड़ी संख्या में आशा व आशा संगिनी शामिल रहीं।