अमरोहा। नगर पालिका परिषद हसनपुर में प्रस्तावित निर्माण कार्य पर सभासदों ने सवाल उठाया है। उन्होंने दावा किया कि 22 सड़कों की हालत बिल्कुल सही है लेकिन निर्माण अनुभाग द्वारा टेंडर निकाला गया है। इसके चलते राजकीय कोष को क्षति पहुंचाने की मंशा प्रतीत हो रही है। डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी को 10 सभासदों ने सड़कों की सूची सौंप कर टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
हसनपुर के सभासद इरम खान, मोहम्मद नईम, सीमा गुप्ता, मोहम्मद नौशाद, साजिया खानम, शाहीन बदर, परवेज अली, जाहिद अली, जैतुन बेग और शाहनवाज अंसारी की ओर से जारी पत्र में दावा किया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा सड़कों का प्रस्ताव गलत तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने अध्यक्ष नीलम शादाब और अधिशास अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह पर राजकीय कोष को क्षति पहुंचाने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया। पत्र में वार्ड वार सड़कों को अंकित किया गया है। जिसमें वार्ड एक के जकी अहमद के घर से नंदकिशोर के मकान तक, निसार अहमद के मकान से मुल्ला सब्जी वाले तक और अमजद बेकरी से जावेद के मकान तक और डॉ. सलाहुद्दीन के मकान से युनूस के घर तक की सड़क है। इसके अलावा वार्ड 11 में शमसुद्दीन के मकान से असलम तक और शफीक के घर से इकराम के मकान तक के रास्ते है। वार्ड13 मे हरिओम गुप्त के घ्ज्ञर से सलीम के मकान तक और गिरजाघर से जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष कमलेश आर्य के मकान तक सड़क का निर्माण कराया जाना है। वहीं वार्ड 17 में चपरा के मकान से नईम के घर तक और तसलीम राज के घर से नाजिम के कारखाने तक सड़क बनाई जानी है। जबकि अशरफ सैनी के घर से जफर जुनैद तक रास्ते बनाए जाने हैं। इसके साथ ही वार्ड 18 में सत्तार के मकान से इकराम के घर और शाहनवाज की दुकान से शाहिद के मकान तक सड़क बननी है। वार्ड 19 में सुल्तान अंसारी के घर से तौकीर अंसारी के घर तक और हाजी यासीन के मकान से फजर्लुरहमान के घर तक और राशिद के मकान से पांडली वालों के घर तक की सड़क प्रस्तावित है। वार्ड 20 में जाहिद के मकान से महबूब के घर तक और वार्ड 21 में शमा बेगम के घर से अफजाल के मकान तक रास्ते का निर्माण होना है। वार्ड 22 में असगर हमीद के घर से अब्दुल फैयाज के मकान तक और फरीद वेेल्डिंग से हाजी आकिल अब्बासी और दानिश अली के मकान से मुमताज खान के घर तक सड़क का चयन गलत तरीके से हुआ है।
......................................
आसिफ इकबाल