अमरोहा। जिले में खराब सड़कों की मरम्मत होगी। लोक निर्माण विभाग ने धनौरा, नौगावां सादात और हसनपुर क्षेत्र की नौ सड़कों की मरम्मत के लिए मंजूरी दी है। इन मार्गों की मरम्मत पर करीब 1.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए शासन ने करीब 80 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। विभाग ने सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
धनौरा क्षेत्र में मलेशिया से धनौरा-अमरोहा मार्ग तक करीब 500 मीटर सड़क की मरम्मत के लिए 8.12 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा धनौरा-अमरोहा-टोनिया माफी मार्ग के शेष 1.660 किमी हिस्से की मरम्मत पर 53.97 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं धनौरा-अमरोहा मार्ग से कुआं खेड़ा-लंबिया मार्ग के 1.50 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत पर 58.97 लाख खर्च होंगे।
नौगावां सादात क्षेत्र में हादरपुर गांव में पीडब्ल्यूडी रोड से हादरपुर की ओर जाने वाले 320 मीटर मार्ग पर 5.27 लाख रुपये खर्च होंगे। हादरपुर में रविंद्र के खेत से चौधरी महाराज सिंह के खेत तक 400 मीटर मार्ग की मरम्मत के लिए 6.59 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसी क्षेत्र में बागड़पुर से फौदापुर मार्ग के एक किलोमीटर हिस्से की मरम्मत पर 29.68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। हसनपुर क्षेत्र में भी तीन मार्गों को मरम्मत के लिए शामिल किया है।
संभल-दयारसी मार्ग से पंडिका चौराहा तक 450 मीटर मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए 54.62 लाख रुपये, रहरा-गया मार्ग से देहरी खादर तक 350 मीटर मार्ग के लिए 44.34 लाख और ऐतमाली से कसाईपुरा मार्ग के 1.30 किलोमीटर हिस्से के लिए 11.96 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन गिरीश चंद ने बताया कि हसनपुर, मंडी धनौरा और नौगावां क्षेत्र की तीन-तीन सड़कों के मरम्मत कार्य को मंजूरी मिल गई है। बरसात नहीं हुई तो तीस दिन के भीतर सड़कों के कायाकल्प का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।