अमरोहा। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशन ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के लिए निवेशकों व उद्यमियों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन 20 अगस्त तक जिला उद्योग केंद्र पर जमा कराने होंगे। मार्ट में शामिल होने के लिए निर्धारित शुल्क भी जमा कराना होगा।
जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त शैलेंद्र सिंह ने बताया कि चार श्रेणियों में निवेशक व उद्यमी हिस्सा ले सकते हैं। 2021 के बाद निर्यात का काम शुरू करने वाले नवोदित निर्यातक, नियमित निर्यातक, ओडीओपी, एमएसएमई, महिला उद्यमी व युवा उद्यमी इसमें शामिल हो सकते हैं। नवोदित निर्यातक को नौ वर्गमीटर स्पेस के लिए 15 हजार रुपये, नियमित निर्यातक को रॉ स्पेस के लिए 6500 रुपये प्रति वर्गमीटर व प्रीफिटेड स्टॉल के लिए सात हजार रुपये प्रति वर्गमीटर जीएसटी के साथ व ओडीओपी तथा एमएसएमई आदि के लिए 18585 रुपये प्रतिस्टॉल का शुल्क जमा कराना होगा।
उन्होंने स्टॉल लगाने के लिए इच्छुक जिले के उद्यमी, निर्यातकों, परंपरागत कारीगर व हस्तशिल्पियों से समय से अपने आवेदन जमा कराने के लिए कहा है। जिससे अमरोहा के बने उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।