गजरौला (अमरोहा)। नवगठित एंटी रोमियो स्क्वायड ने शहर में घूमकर अभियान चलाया। दस युवकों को सड़कों पर बेवजह घूमते हुए पकड़कर थाने ले आई। पुलिस की कई कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मच गई। बाद में पुलिस ने पकड़े गए युवकों के परिजनों को थाने बुलवाया और उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया।
मंगलवार को टीम की प्रभारी एसआई सरिता कश्यप और कस्बा चौकी इंचार्ज एसआई रजनीश कुमार ने नगर में विभिन्न स्कूल-कालेजों के आगे चक्कर लगाया। वहां खड़े बेवजह युवकों को फटकार लगाई। टीम ने इंदिरा चौक चौराहा, ज्ञान भारती इंटर कालेज, शिव इंटर कालेज, रेलवे स्टेशन रोड, कन्या इंटर कालेज के साथ ही विभिन्न कोचिंग सेंटर, बस्ती रोड पर अभियान चलाया और दस युवकों को पकड़कर थाने लाया गया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मच गई। पकड़े गए युवकों को छुड़वाने के लिए प्रभावशाली लोगों ने फोन करने शुरू कर दिए। वहीं पुलिस ने किसी के दबाव के आए बगैर पकड़े गए युवकों के परिजनों को थाने बुलवाया और युवकों के माफी मांगने पर सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया। एसआई रजनीश कुमार ने बताया कि नगर में छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीम रोजाना ही शहर में चेकिंग अभियान चलाएगी। वहीं पहले ही दिन टीम द्वारा दस युवकों को पकड़कर थाने ले जाने के बाद से शाम को चौराहों पर बेवजह ग्रुप बनाकर खड़े होने वाले युवक नजर नहीं आए। इसके अलावा बाइकर्स भी सड़कों पर कम ही दिखाई दिए।