अमरोहा। तीन चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी राजकीय आईटीआई में रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश पूरे नहीं हो पा रहे हैं। कम दाखिले देखते हुए ही राज्य व्यवसायिक शिक्षा परिषद ने आवेदन से चूके युवाओं को एक और मौका दिया है। साथ ही प्रवेश की कतार में लगे छात्र-छात्राएं संशोधन भी करा सकते हैं।
तकनीकी शिक्षा के साथ स्वरोजगार के लिए भी आईटीआई एक बेहतर विकल्प माना जाता है। जिले में संचालित होने वाले पांच राजकीय आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन के समय अभियान चलाकर युवाओं को प्रेरित किया गया था। उस समय आवेदन तो हुए लेकिन संस्थानों में प्रवेश अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सके। यही वजह रही कि तीन चरण पूरा होने के बाद भी अधिकांश ट्रेड की सीटें खाली ही रह गई हैं।
पांचों संस्थानों में 2148 सीटों के सापेक्ष लगभग 40 फीसदी ही प्रवेश हो सके हैं। इसी को देखते हुए राज्य व्यवसायिक शिक्षा परिषद ने चौथा चरण शुरू होने से पहले युवाओं को फिर से आवेदन का मौका दिया है। 11 अगस्त से 15 अगस्त के बीच प्रवेश पाने के इच्छुक युवा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लिए 250 व अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए 150 रुपये का शुल्क जमा कराना होगा।
आवेदन वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर किया जा सकता है। साथ ही पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी अपने विकल्प व जानकारी में संशोधन भी करा सकते हैं। अगर किसी अभ्यर्थी को दूसरी ट्रेड में प्रवेश पाना है, तो वह भी इसमें संशोधन कर सकते हैं। राजकीय आईटीआई अमरोहा के नोडल प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा ने बताया कि सभी कॉलेजों को संस्थान में रिक्त सीटों की संख्या सूचना पट पर लगाने के लिए कहा गया है।